BCCL मुनीडीह कोल वाशरी में स्लरी लोडिंग के दौरान मलबा ढहा, 4 दिहाड़ी मजदूरों की मौत

धनबाद, 03 मई 2026

 

धनबाद स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। स्लरी (वाश कोल डस्ट) लोडिंग के दौरान अचानक मलबा भरभराकर मजदूरों पर गिर पड़ा, जिसमें चार दिहाड़ी मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना शनिवार शाम करीब 5:15 बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान गोपीनाथडीह के माणिक बाउरी (45) व दिनेश बाउरी (52), समशिखरा निवासी दीपक बाउरी (50) और रुदी कपूरिया निवासी मोड़ा गोप (59) के रूप में हुई है। हादसे के समय गोपीनाथडीह की सुनीता देवी भी मौके पर मौजूद थीं, लेकिन वह बाल-बाल बच गईं। उन्होंने किसी तरह मलबे से खुद को निकालकर सुरक्षित बाहर आने में सफलता हासिल की।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मजदूर स्लरी लोडिंग का काम कर रहे थे, तभी ऊपर से भारी मात्रा में मलबा अचानक ढह गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बीसीसीएल अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। मृतकों के शवों को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे और अन्य सहायता का आश्वासन दिया है। बीसीसीएल प्रबंधन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए जांच का आदेश दे दिया है। यह हादसा कोयला क्षेत्र में कार्यरत दिहाड़ी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा कर रहा है। स्थानीय मजदूर यूनियनों ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *