रांची, 10 जून 2026
झारखंड विधानसभा के बाहर बुधवार को सियासी पारा चढ़ गया, जब कांग्रेस के मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने एकजुट होकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस की मुख्य मांग है कि भाजपा-समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी का नामांकन तुरंत रद्द किया जाए।
नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के दौरान परिमल नाथवानी के दस्तावेजों में नाम को लेकर बड़ी विसंगति सामने आई है। कुछ सरकारी और चुनावी दस्तावेजों में उनका नाम “परिमल नाथवानी” दर्ज है, जबकि कुछ महत्वपूर्ण कागजातों में इसे उलटकर “नाथवानी परिमल” लिखा हुआ पाया गया। इस तकनीकी खामी के अलावा अविभाजित परिवार (Undivided Family) के विवरण और आपराधिक मामलों की जानकारी में भी कमी पाई गई। रिटर्निंग ऑफिसर ने इन आपत्तियों पर कड़ी नाराजगी जताई और परिमल नाथवानी का नामांकन फिलहाल होल्ड पर रख दिया है। उन्हें 10 जून सुबह 11 बजे तक स्पष्टीकरण देने का समय दिया गया है।
कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। “जब तक नाम की विसंगति का पूरी तरह समाधान नहीं हो जाता या नामांकन रद्द नहीं होता, हमारा विरोध जारी रहेगा,” कांग्रेस नेताओं ने धरने के दौरान कहा।JMM के उम्मीदवार बैजनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा का नामांकन वैध पाया गया है।
झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होना है। महागठबंधन (JMM-Congress) के पास स्पष्ट संख्या बल है, लेकिन भाजपा-समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी (दो बार के पूर्व राज्यसभा सांसद और उद्योगपति) के मैदान में आने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया था।
