JMM का दावा पाकुड़ में 1 लाख 78 हजार 761 वोटर का नाम अनमैप्ड सूची में, जिले में आयोजित हुए एसआईआर कार्यशाला

पाकुड़, 12 जून 2026
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से शुक्रवार को रविंद्र भवन में जिला स्तरीय विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पार्टी के केंद्रीय नेताओं ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और बीएलए-2 को विशेष प्रशिक्षण दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने की। मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, राजमहल लोकसभा सांसद विजय हांसदा और लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू उपस्थित रहे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि पाकुड़ जिले में 1,78,761 अनमैप्ड वोटर हैं। पांडेय ने आरोप लगाते हुए कहा, “भारत निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार SIR के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम काटने की साजिश रच रही है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने बूथ क्षेत्र में जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें, छूटे हुए योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ें और हटाए गए नामों को पुनः शामिल कराने का प्रयास करें।
अन्य नेताओं के मुख्य संदेश

  • विजय हांसदा (सांसद) ने कहा कि बूथ स्तर के पदाधिकारी ही संगठन की असली ताकत हैं। उन्होंने क्षेत्र भ्रमण कर योग्य मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने का आह्वान किया।
  • हेमलाल मुर्मू (विधायक) ने SIR प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए हर बूथ पर मैपिंग कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

झामुमो नेताओं ने आगामी चुनावी तैयारियों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, मोर्चों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *