रांची के मोरहाबादी मैदान में शुरू हुआ, झारखंड कृषि उत्पाद एवं व्यापार मेला-2026

रांची, 16 जून 2026

 

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय “झारखंड कृषि उत्पाद एवं व्यापार मेला-2026” का उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर मेला का लोगो लोकार्पण भी किया।मुख्यमंत्री ने समारोह में उत्कृष्ट किसानों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया, टाना भगत परिवारों को चार दुधारू पशुओं के शेड निर्माण के लिए शत-प्रतिशत अनुदान की राशि दी, विभिन्न जिलों में पशु चिकित्सक एवं अनुसेवकों को नियुक्ति पत्र सौंपे तथा 209 किसानों को Digital AI Kit वितरित किए।

मुख्यमंत्री के प्रमुख संदेश:

  • “आधी जिम्मेदारी सरकार की, आधी किसानों की — दोनों जब साथ चलेंगे तो झारखंड के किसानों को कोई नहीं हरा सकता।”
  • प्रकृति एवं विकास के बीच संतुलन बनाना अत्यंत आवश्यक है।
  • किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर कम पानी में अधिक उत्पादन करें।
  • बेहतर कार्य करने वाले अन्नदाताओं को ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।
  • बिरसा हरित ग्राम योजना को वैश्विक पहचान मिली है।
  • जैविक खेती को बढ़ावा दें, रासायनिक खादों का न्यूनतम उपयोग करें।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा इसी भावना से दिया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य की लगभग 80% आबादी कृषि पर निर्भर है। जलवायु परिवर्तन और भू-जल के अंधाधुंध दोहन के कारण आने वाले समय में पानी का संकट गहराने वाला है। “हमें जितना पानी धरती से लेते हैं, उतना उसे रिचार्ज पिट और सोक पिट के माध्यम से वापस लौटाना होगा। हर किसान को अपने खेत में जल संचयन की व्यवस्था करनी चाहिए।”

अंधाधुंध शहरीकरण पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और उद्योगों के नाम पर पुराने जंगलों को काटा जा रहा है, जबकि वृक्षारोपण की गति बेहद धीमी है। विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना होगा।

बिरसा हरित ग्राम योजना की सफलता

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत बंजर भूमि पर फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं। सिमडेगा की महिलाओं द्वारा उत्पादित आम अब सीधे लंदन निर्यात हो रहा है। योजना के तहत अब तक लगभग 1.50 लाख एकड़ बंजर भूमि पर पौधरोपण किया जा चुका है।

अन्य घोषणाएं एवं निर्देश:

  • प्रगतिशील एवं नवाचारी किसानों की मैपिंग कर उन्हें ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान’ दिया जाएगा।
  • किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष किसान डिजिटल पोर्टल बनाने का निर्देश।
  • कृषि व्यापार मेला किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी मंच बनेगा।

मुख्यमंत्री ने स्वयं मेला के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और बिरसा कृषि रथ-2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *