रामगढ़: रजरप्पा के लारी में ट्रक-पिकअप की जोरदार टक्कर, 7 की मौत, 2 की हालत गंभीर

रामगढ़, 26 जून 2026

 

रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत लारी के निकट रामगढ़-बोकारो मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 12 बजे एक पिकअप वाहन और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 7 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। लगभग एक दर्जन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। रजरप्पा पुलिस और आसपास की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

दुर्घटना का विवरण

जानकारी के अनुसार, गोला से रामगढ़ की ओर जा रही पिकअप सवारी वाहन (JH 02Q 8268) में ताशा पार्टी (मेहता साहब पार्टी) के सदस्य सवार थे। विपरीत दिशा से आ रहा ट्रक (JH 02AA 4786) से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप सवारी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमर्चा के कई लोग भी शामिल थे। मरने वालों की शिनाख्त की जा रही है। मृतक मुहर्रम में ताशा बजाने मुजफ्फरपुर जा रहे थे।

घायलों का इलाज

दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। दो घायलों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें RIMS रांची रेफर किया जा रहा है। अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *