रांची, 25 जून 2026
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा में आयोजित “बुनियादी प्रशिक्षुओं का पारण परेड समारोह-2026” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया तथा पारण परेड का निरीक्षण किया।
समारोह में राज्य के 4 पुलिस उपाधीक्षक एवं 336 आरक्षी (255 पुरुष और 81 महिला) शामिल हुए। प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके जवानों ने शानदार मार्चपास्ट और आकर्षक कदमताल के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं नव नियुक्त जवानों को अनुशासन, देश एवं राज्य सेवा, संविधान, पुलिस बल की गरिमा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति शपथ दिलाई गई।

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लगभग 30 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण के बाद जवान अब राज्य की सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिला प्रशिक्षुओं की बढ़ती भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं की सहभागिता राज्य में लैंगिक समानता की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल में शामिल होना केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सेवा का संकल्प लेना है। उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि शपथ ग्रहण केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। अब वे केवल व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राज्य के नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का प्रभाव राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन में दिखाई देना चाहिए। चुनौतियों का सामना करते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने से हर कठिनाई का समाधान संभव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग को सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही पुलिस विभाग के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने नव नियुक्त पुलिस उपाधीक्षकों एवं आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए पुलिस विभाग को प्रशिक्षण प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक तदाशा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
