क्रांस-मोंटाना (स्विट्जरलैंड), 1 जनवरी 2026
स्विट्जरलैंड के मशहूर अल्पाइन स्की रिसॉर्ट क्रांस-मोंटाना में नए साल का जश्न मातम में बदल गया। गुरुवार तड़के करीब 1:30 बजे (स्थानीय समय) लोकप्रिय बार ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ में एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए।
स्विस पुलिस के प्रवक्ता गेतान लाथियोन ने बताया कि विस्फोट का कारण अभी अज्ञात है। बार में उस समय 100 से अधिक लोग नए साल का जश्न मना रहे थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक शामिल थे। पुलिस ने पुष्टि की है कि “कई लोग मारे गए हैं और कई घायल हैं”। क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है और क्रांस-मोंटाना के ऊपर नो-फ्लाई जोन लगा दिया गया है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मरने वालों की संख्या 40 के करीब और घायलों की संख्या 100 से अधिक हो सकती है। स्विस अखबार ‘ले नोवेलिस्ट’ और रेडियो स्टेशन ‘रोन एफएम’ ने सूत्रों के हवाले से यह आंकड़े बताए हैं, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर इनकी पुष्टि नहीं की है। अस्पतालों में जलने वाले मरीजों की बाढ़ आ गई है और फ्रेंच-स्पीकिंग स्विट्जरलैंड के अस्पताल ओवरलोड हो गए हैं।

ब्रिटिश मीडिया ‘द मिरर’ ने भी इस घटना को कवर किया है, जहां बताया गया कि बार में सैकड़ों लोग मौजूद थे और आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन मौतों का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ रिपोर्ट्स में संदेह जताया गया है कि कॉन्सर्ट के दौरान इस्तेमाल किए गए पटाखों (पायरोटेक्निक्स) से यह हादसा हुआ हो, लेकिन पुलिस जांच सभी संभावनाओं पर कर रही है। आतंकी हमले की आशंका को खारिज कर दिया गया है।
क्रांस-मोंटाना स्विस आल्प्स का एक लग्जरी स्की रिसॉर्ट है, जो मैटरहॉर्न पर्वत के करीब स्थित है और दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करता है। नए साल की पार्टी के दौरान यह त्रासदी पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है, जहां अधिक जानकारी दी जाएगी। पीड़ित परिवारों के लिए हेल्पलाइन और रिसेप्शन सेंटर स्थापित किया गया है।
