कराची, 1 मार्च 2026
पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची में रविवार सुबह अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (US Consulate) के बाहर भड़के हिंसक प्रदर्शन में कम से कम 9 लोग मारे गए और दो दर्जन से अधिक घायल हो गए। यह हिंसा ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की अमेरिका-इजरायल संयुक्त हमलों में मौत के बाद भड़की है। वंही पाकिस्तान के उत्तरी इलाके गिलगित-बाल्टिस्तान के स्कर्दू शहर में रविवार को हजारों प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने संयुक्त राष्ट्र (UN) के क्षेत्रीय कार्यालय पर हमला कर उसे आग लगा दी।
सैकड़ों प्रदर्शनकारी, ज्यादातर शिया समुदाय से जुड़े और प्रो-ईरान समर्थक, दूतावास परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने सुरक्षा बैरिकेड तोड़े, खिड़कियां तोड़ीं, पुलिस चेकपोस्ट को आग लगाई और कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ की। पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्सेस ने आंसू गैस, लाठीचार्ज और फायरिंग का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया।
एधी फाउंडेशन के प्रवक्ता मुहम्मद अमीन के अनुसार, 8 से 9 शव अस्पताल पहुंचाए गए हैं, जिनमें ज्यादातर को गोली लगी थी। कुल 20-25 लोग घायल हुए हैं, कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सर्जन डॉ. सुमैया सैयद तारिक ने पुष्टि की कि मौतों की संख्या बढ़ सकती है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इरफान बलोच ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने दूतावास की परिधि पर हमला किया, लेकिन सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। अमेरिकी दूतावास या वाशिंगटन से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
यह घटना ईरान-इजरायल तनाव के बीच हुई है, जहां खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है और जवाबी कार्रवाई की है। पाकिस्तान में अन्य शहरों और इराक, कश्मीर में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
स्थानीय मीडिया और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां (अल जजीरा, एपी, रॉयटर्स, फ्रांस 24) ने घटनास्थल से तस्वीरें और वीडियो जारी किए हैं, जिसमें आग, धुआं और सुरक्षा बलों की तैनाती दिख रही है।पाकिस्तानी अधिकारियों ने स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है, लेकिन शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह घटना क्षेत्रीय अस्थिरता को और बढ़ा सकती है।
