रांची,
इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी शनिवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे। उनके आगमन पर रांची एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव प्रसाद कमलेश, झारखंड प्रभारी के. राजू, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।रेड्डी ने रांची पहुंचते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान इंडिया गठबंधन के सांसदों और प्रमुख नेताओं के साथ एक अहम बैठक भी हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए रणनीति तैयार करना और गठबंधन के समर्थन को मजबूत करना था। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में विपक्षी एकजुटता को प्रदर्शित करने और चुनाव में मजबूत संदेश देने पर जोर दिया गया।बैठक के बाद बी. सुदर्शन रेड्डी और सीएम हेमंत सोरेन ने संयुक्त रूप से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया, जो दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की गई। इस दौरान रेड्डी ने कहा, “हमें पूर्ण विश्वास है कि इंडिया गठबंधन इस चुनाव में जीत हासिल करेगा। हम संविधान और इसके मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने सभी दलों से समर्थन की अपील भी की।यह दौरा राजनीतिक हलकों में विपक्ष की एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले राष्ट्रपति चुनाव के दौरान भी विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने झारखंड का दौरा किया था, और अब रेड्डी का यह दौरा गठबंधन की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। रेड्डी का मुकाबला एनडीए के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से है।