बोकारो, 04 अक्टूबर 2025
बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड से एक सनसनीखेज सामने आया है। पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी 2 अक्टूबर की दोपहर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। परिवारवालों के अनुसार, वे किसी निजी कार्य से घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। देर रात तक खोजबीन और रिश्तेदारों से पूछताछ के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर उनके पति ने गोमिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सपना कुमारी वर्ष 2022 के पंचायत चुनाव में पहली बार राजनीति में उतरीं और रिकॉर्ड मतों से जीतकर प्रखंड की सबसे कम उम्र की मुखिया बनीं। उन्होंने अपने शुरुआती कार्यकाल में विकास योजनाओं और पंचायत की सक्रिय भागीदारी से लोगों का विश्वास जीता, लेकिन समय बीतने के साथ उनकी राजनीतिक सक्रियता में गिरावट देखने को मिली। इसके बावजूद वह गांव की चर्चित हस्ती बनी रहीं।
विजयादशमी और दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्वों के बीच मुखिया के अचानक लापता होने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएँ चल रही हैं। कुछ लोग इसे सामान्य घटना मान रहे हैं, तो कुछ इसे किसी गहरी साज़िश से जोड़कर देख रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों और संभावित ठिकानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद है कि सपना कुमारी सुरक्षित लौटेंगी।