छत्तीसगढ़/झारखंड
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अंतिम सांसे गिन रहा है। इस वर्ष के बीते 21 दिनों में अबतक राज्य से 48 नक्सली एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। वंही मंगलवार रात गरियाबंद जिले में पुलिस नक्सली मुठभेड़ में 20 नक्सली के मरने की खबर है, जिसमें 1 करोड़ के इनामी नक्सली जयराम रेड्डी उर्फ चलपति भी शामिल हैं। पुलिस ने अबतक 14 नक्सलियों के शव बरामद कर लिये हैं, जिनमें 6 महिलाएं और 8 पुरूष नक्सली शामिल हैं। उनके पास से 15 हथियार मिले हैं, जिसमें इंसास, एसएलआर, 303 बंदूकें, रिवॉल्वर, बीजेएल लांचर और बड़ी संख्या में कारतूस शामिल हैं। पिछले कुछ दिनों से गरियाबंद इलाके में नक्सलियों की गतिविधियां काफी बढ़ गयी थी। 3 जनवरी को हुई मुठभेड़ में 3 नक्सली मार गिराये गये थे। रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा ने मंगलवार देर शाम गरियाबंद जिले में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गरियाबंद मुठभेड़ की जानकारी दी। आईजी ने बताया- 19 जनवरी की रात से कुल्हाड़ीघाट-भालूडिग्गी पहाड़ी के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें ई-30 गरियाबंद, कोबरा-207, सीआरपीएफ-65, 211 बटालियन व एसओजी जिला नुआपाड़ा (ओड़िशा) की ज्वाइंट फोर्स नक्सल ऑपरेशन के लिए भेजी गई थी। उन्होंने बताया कि नक्सली छत्तीसगढ़ पंचायत चुनाव को प्रभावित करने की भी योजना बना रहे थे।

साल का सबसे बड़ा ऑपरेशन
नक्सलियों के खिलाफ ओड़िसा और छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर ऑपरेशन जारी है। इसे इस वर्ष का सबसे बड़ा ऑपरेशन बताया जा रहा है। इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ, डीआरजी, ओडिशा पुलिस और छत्तीसगढ़ की ई-30 फोर्स समेत 5 अलग-अलग सुरक्षाबलों की 10 टीमें शामिल हैं। ऑपरेशन के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। मुठभेड़ में अब तक मारे गए अधिकांश सदस्य सेंट्रल कमेटी के ही सदस्य हैं, जो पूरे भारत में नक्सलियों गतिविधियों को ऑपरेट करते हैं और बड़े फैसले लेते हैं।

झारखंड में भी दो नक्सली के मारे जाने की खबर
इधर झारखंड के लातेहार और बोकारो के बेरमो में नक्सलियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। बोकारो जिले के ऊपरघाट में हुई मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। लातेहार के जंगल में भी पुलिस और झारखंड जन मुक्ति पार्टी (JJMP) उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान पुलिस ने एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया है।
