रांची
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शनिवार सुबह अपने घोड़ाबांधा (टेल्को, जमशेदपुर) स्थित घर के बाथरूम में फिसलकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, साथ ही ब्रेन में ब्लड क्लॉट की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक इलाज के लिए उन्हें तुरंत जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया जा रहा है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “झारखंड के शिक्षा मंत्री, हमारे बड़े भाई श्री रामदास सोरेन जी के अस्वस्थ होने की खबर बेहद चिंताजनक है। बाथरूम में गिरने से उन्हें ब्रेन में चोट व ब्लड क्लॉट हुआ है। उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली के मेदांता हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है। मैं लगातार उनकी स्थिति की निगरानी कर रहा हूँ।”

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह लगभग 4:30 बजे हुआ, जब रामदास सोरेन मॉर्निंग वॉक के लिए तैयार होने से पहले बाथरूम में गए थे। उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने की व्यवस्था की गई है।
रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। कोल्हान क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और आदिवासी समुदाय में गहरी पैठ है। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही कई समर्थक टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचे, हालांकि डॉक्टरों ने फिलहाल किसी को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं।