ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में मौत, परिवार के कई सदस्य भी मारे गए; देश में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक

तेहरान, 01 मार्च 2026

 

ईरान के सर्वोच्च नेता और इस्लामिक क्रांति के प्रमुख आयतुल्लाह अली खामेनेई (86) अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में मौत हो गयी हैं। ईरानी सरकारी मीडिया ने रविवार सुबह इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। राज्य प्रसारक IRIB ने भावुक होकर घोषणा की कि “सुप्रीम लीडर ने शहादत प्राप्त की है”। ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने भी बयान जारी कर इसकी पुष्टि की।हमला शनिवार 28 फरवरी 2026 की सुबह तेहरान के केंद्रीय इलाके में खामेनेई के आवास और कार्यालय परिसर पर केंद्रित था। ईरानी मीडिया के अनुसार, खामेनेई उस समय अपने दफ्तर में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। इस हमले में उनकी बेटी, दामाद, बहू और पोती सहित परिवार के कई सदस्य भी मारे गए। साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारी और आईआरजीसी कमांडर भी शहीद हुए।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Truth Social पर पोस्ट कर खामेनेई की मौत की घोषणा की थी और कहा कि यह “मध्य पूर्व में शांति” के लिए बड़ा कदम है। ट्रंप ने हमलों को जारी रखने की चेतावनी दी है। इजरायली अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि खामेनेई उनके एयरस्ट्राइक का निशाना बने।

ईरान सरकार ने इस घटना के बाद पूरे देश में 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक और 7 दिनों का सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। सरकारी चैनलों पर शोक सभाएं और विशेष प्रसारण चल रहे हैं। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल और क्षेत्रीय अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं, जिससे क्षेत्रीय तनाव चरम पर पहुंच गया है।

यह घटना ईरान में 1989 से चली आ रही खामेनेई की कठोर शासन व्यवस्था के अंत का प्रतीक मानी जा रही है। अब उत्तराधिकार को लेकर अनिश्चितता है, क्योंकि कोई स्पष्ट उत्तराधिकारी पहले से घोषित नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *