पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सुरेश कलमाड़ी का निधन

पुणे, 6 जनवरी 2026:

 

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का मंगलवार तड़के लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। कलमाड़ी पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने सुबह करीब 3:30 बजे अंतिम सांस ली।कलमाड़ी के कार्यालय से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे तक पुणे के एरंडवाने स्थित उनके निवास ‘कलमाड़ी हाउस’ में अंत्यदर्शन के लिए रखा जाएगा। अंतिम संस्कार दोपहर 3:30 बजे नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशान भूमि में किया जाएगा।

सुरेश कलमाड़ी का जन्म 1 मई 1944 को हुआ था। वे पुणे से कई बार लोकसभा सांसद रहे और रेलवे राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके थे। खेल प्रशासन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही—वे लंबे समय तक भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष रहे और 2010 दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स की आयोजन समिति के चेयरमैन थे। हालांकि, कॉमनवेल्थ गेम्स से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों में वे विवादों में भी घिरे थे, लेकिन बाद में अधिकांश मामलों में उन्हें क्लोजर मिला।

उनके निधन पर कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। कलमाड़ी के परिवार में उनकी पत्नी, पुत्र, पुत्रवधू, दो विवाहित पुत्रियां, दामाद और नाती-पोते हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *