पटना में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में गोड्डा के डॉक्टर नरेन्द्र कुमार हुए सम्मानित

गोड्डा, 2 फरवरी 2026

 

एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया ( एपीआई) के तत्वावधान में पटना में आयोजित एपिकॉन–2026 के भव्य राष्ट्रीय सम्मेलन में गोड्डा जिले के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेन्द्र कुमार को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान देश-विदेश से आए प्रख्यात चिकित्सकों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
डॉ. नरेन्द्र कुमार गोड्डा जिले के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक हैं, जिन्हें हृदयरोग संबंधी चिकित्सा के क्षेत्र में लंबे अनुभव और निष्ठावान सेवा के लिए जाना जाता है। उन्होंने अपने करियर में न केवल रोगियों के उपचार को प्राथमिकता दी, बल्कि चिकित्सा जागरूकता, नैतिक चिकित्सकीय अभ्यास और समाज के कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई है।


सेवा और समर्पण के मिसाल डॉ. नरेन्द्र कुमार की पहचान एक संवेदनशील और जनसेवी चिकित्सक के रूप में है। ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए उन्होंने निरंतर प्रयास किए, जिससे आम लोगों को बेहतर चिकित्सा परामर्श और उपचार मिल सके। जटिल रोगों के उपचार के साथ-साथ वे युवा चिकित्सकों के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण में भी सक्रिय रहे हैं। सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. नरेन्द्र कुमार का यह सम्मान उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, पेशेवर ईमानदारी और मानव सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। गोड्डा जैसे दूरस्थ जिले से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना न केवल जिले बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है।
डॉ. नरेन्द्र कुमार को मिले इस सम्मान से क्षेत्र के चिकित्सकों और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी कि समर्पण और सेवा भाव से किया गया कार्य अवश्य पहचान पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *