रांची, 13 मार्च 2026
राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित भव्य समारोह में उन्होंने झारखंड पुलिस को कुल 1,485 आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राज्य के विभिन्न जिलों में स्थापित होने वाले 12 नए अत्याधुनिक पुलिस थानों की ऑनलाइन आधारशिला रखी।

मुख्यमंत्री ने रिमोट बटन दबाकर नए थानों की शिलान्यास किया और हरी झंडी दिखाकर वाहनों को विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।
राज्य गठन के 25 वर्षों में पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में मील का पत्थर

राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पुलिस विभाग को वाहन उपलब्ध कराये गये हैं। राज्य सरकार द्वारा कुल 1,255 पेट्रोलिंग वाहन (मुख्यतः महिंद्रा बोलेरो BS-6) और 1,697 दोपहिया वाहन (टीवीएस अपाचे आदि) की स्वीकृति दी गई है। पहले चरण में 636 चार-पहिया पेट्रोलिंग वाहन और 849 दोपहिया वाहन आवंटित किए गए। ये वाहन गश्त, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), ग्रामीण क्षेत्रों की निगरानी और अपराध पर त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नए थाने का ऑनलाइन शिलान्यास

राज्य के 12 हाईटेक इंटीग्रेटेड पुलिस स्टेशन (रांची, हजारीबाग, बोकारो, देवघर, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, पलामू, गुमला, चतरा और दुमका में) बनेंगे, जिनमें साइबर सेल, महिला थाना, एसटी-एससी थाना जैसी सुविधाएँ शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री का संबोधन
मुख्यमंत्री ने धुर्वा अपहरण कांड का उदाहरण देते हुए पुलिस की तत्परता की सराहना की, जिसमें दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद कर अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश किया गया। उन्होंने कहा, “सशक्त पुलिस और सक्रिय जनता से ही सुरक्षित झारखंड बनेगा। नागरिकों से अपील है कि पुलिस के साथ सहयोग करें, समय पर सूचना दें और जागरूकता फैलाएं।”
