बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण में रिकॉर्ड 64.46% मतदान, डिप्टी CM पर हमला, RJD उम्मीदवार की धमकी और सीवान में बुर्के पर बवाल

पटना, 6 नवंबर 2025

 

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 121 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। चुनाव आयोग के अनुसार, अनंतिम आंकड़ों में 64.46% मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे ऊंचा मतदान है। 25 साल बाद इतना उच्च मतदान हुआ है, जो 2000 के बाद का रिकॉर्ड तोड़ता है। बेगूसराय जिले में सबसे ज्यादा 67.32% और गोपालगंज में 64.96% मतदान हुआ। कुल 3.75 करोड़ मतदाताओं में से महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वोटिंग के दौरान कुछ मजेदार तस्वीरें भी नजर आयी। वैशाली में एक मतदाता भैंस की पीठ पर सवार होकर पहुंचा और कुछ महिलाएँ उनके साथ गीत गाती जा रही थी।

तदान शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कुछ स्थानों पर विवाद और हिंसा की घटनाएं सामने आईं। एनडीए और महागठबंधन दोनों ने जीत का दावा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदान को लोकतंत्र का पर्व बताया और एनडीए की बढ़त का दावा किया।

रिकॉर्ड मतदान के प्रमुख आंकड़े

  • कुल मतदान: 64.46% (अनंतिम, अंतिम आंकड़ा जल्द जारी होगा)
  • सबसे ज्यादा मतदान: बेगूसराय (67.32%), गोपालगंज (64.96%), मुजफ्फरपुर (64.63%)
  • सबसे कम मतदान: शेखपुरा (52.36%), भोजपुर (53.24%)
  • 2020 में पहले चरण में 57% मतदान था

चुनाव आयोग के सीईओ विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा, “मतदान शांतिपूर्ण रहा, कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। महिलाओं ने बड़ी संख्या में वोट डाले।”

डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा पर हमला

लखीसराय में उपमुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर आरजेडी समर्थकों ने पत्थर, गोबर और चप्पल फेंके। सिन्हा खोरियारी गांव में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत पर पहुंचे थे। उन्होंने आरजेडी पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया और एसपी को ‘कायर’ बताया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने डीजीपी को तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया।

आरजेडी एमएलसी अजय कुमार से सिन्हा की सड़क पर बहस हुई, जहां दोनों ने एक-दूसरे पर शराब पीने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इसे ‘गुंडाराज’ का नतीजा बताया।

RJD उम्मीदवार ने दरोगा को धमकाया

मनेर में आरजेडी उम्मीदवार भाई वीरेंद्र यादव ने बूथ नंबर 79 पर दरोगा को धमकाया। वीडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं, “ये तिवारी, यहां दूसरा बात जाएगा…”। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर पक्षपात का आरोप लगाया। घटना के बाद हंगामा हुआ, लेकिन मतदान प्रभावित नहीं हुआ।

सीवान में बुर्के पर बवाल

गोरेयाकोठी में भाजपा उम्मीदवार देवेशकांत सिंह ने बुर्का पहनी महिलाओं से बुर्का हटाने को कहा, जिससे मुस्लिम मतदाताओं में आक्रोश फैल गया। लोगों ने ‘वोट चोर’ के नारे लगाए और उम्मीदवार को खदेड़ा। वीडियो वायरल हो गया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “ये भारत है, पाकिस्तान नहीं, शरिया नहीं चलेगी।” चिराग पासवान ने भी समर्थन किया। आरजेडी ने इसे मुस्लिम महिलाओं की निजता पर हमला बताया।

प्रमुख सीटें और दिग्गज प्रत्याशी

  • राघोपुर: तेजस्वी यादव (आरजेडी) vs सतीश कुमार (भाजपा)
  • तारापुर: सम्राट चौधरी (उपमुख्यमंत्री, भाजपा)
  • लखीसराय: विजय सिन्हा (उपमुख्यमंत्री, भाजपा)
  • सीवान: मंगल पांडे (भाजपा) vs अवध बिहारी चौधरी (आरजेडी)

दूसरा चरण 11 नवंबर को, नतीजे 14 नवंबर को। एनडीए ने विकास और सुशासन, जबकि महागठबंधन ने बेरोजगारी और बदलाव का मुद्दा उठाया।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *