झारखंड में धान खरीद घोटाले का आरोप: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना

रांची, 03 फरवरी 2026

 

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर धान खरीद प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और किसानों की लूट का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार किसानों को ठग रही है और केंद्र से मिलने वाला पैसा बिचौलियों, दलालों के खाते में जा रहा है, साथ ही मुख्यमंत्री की “तिजोरी” भी भर रही है।

श्री मरांडी ने प्रेस वार्ता में कहा कि सरकार “गांव से चलती है” का दावा करती है, लेकिन हकीकत में गांव का रीढ़ किसान आज परेशान, लाचार और विवश है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद का वादा किया गया था, लेकिन बाद में इसे घटाकर 2450 रुपये (केंद्र से MSP + राज्य का बोनस) कर दिया गया। इसमें राज्य सरकार की भागीदारी महज 81-100 रुपये प्रति क्विंटल है, और इस दर में भी लूट का रास्ता बना लिया गया है।

खरीद लक्ष्य और वास्तविक स्थिति

इस वर्ष सरकार ने 60 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य रखा था।

दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी केवल 19 लाख 80 हजार 216 क्विंटल धान ही खरीदा गया है।

राज्य में 2 लाख 79 हजार किसान पंजीकृत हैं, लेकिन मात्र 35,547 किसानों से ही धान की खरीद हुई है।

मतलब साफ है कि सरकार की मंशा किसानों से सीधे खरीदारी करने की नहीं है। गोदाम भरे होने का बहाना बनाया जा रहा है, जबकि मार्च तक खरीद की बात कही जा रही है। सीमांत किसान धान कैसे रख पाएंगे? उन्हें तत्काल पैसे की जरूरत होती है।

श्री मरांडी ने कहा कि सरकार के इशारे पर अधिकारी भी यही भाषा बोल रहे हैं। किसानों को बिचौलियों/दलालों को धान बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है। किसान 1500 रुपये प्रति क्विंटल पर धान बेच रहे हैं, और सरकार बाद में बिचौलियों से खरीदकर लक्ष्य पूरा करने का दिखावा करेगी। इससे लाभ बिचौलियों के खाते में जाएगा और सिंडिकेट सक्रिय होकर मुख्यमंत्री की तिजोरी भर रही है।

गुमला जिले का मामला

नेता प्रतिपक्ष ने गुमला जिले में उजागर हुए फर्जी किसानों और अनियमितताओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया और विधानसभा में भी मामला उठाया गया, लेकिन सरकार कार्रवाई की बजाय मौन साधे बैठी है। जांच रिपोर्ट में दोषियों को चिन्हित किया गया, फिर भी कोई एक्शन नहीं लिया गया।

श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार सिंडिकेट को बढ़ावा देकर किसानों को लुटवा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मिलने वाले धान खरीद फंड के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री सरोज सिंह और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *