रीमिक्स फॉल में रांची के दो छात्रों की डूबकर मौत

खूंटी जिले के रीमिक्स फॉल में डूबने से रांची के दो छात्रों की मौत हो गई है। घटना मंगलवार की है। दोनों छात्र अपने 10 दोस्तों के साथ रीमिक्स फॉल घूमने आए थे। नहाने के लिए वे झरने के पास गए थे, जहां गहरे पानी में चले जाने के कारण दो छात्रों की डूबकर मौत हो गई है। मृतकों की पहचान रांची जिला के खेलगांव के महुआ टोली निवासी महेंद्र तिर्की के 15 वर्षीय पुत्र रोलेन तिर्की और सुशील सांगा के 15 वर्षीय पुत्र जेम्स सांगा के रूप में की गई है।

डीएसपी ने बताया कि रांची जिले के आदर्श नगर, कोकर, गाड़ीगांव से लगभग 10 किशोर बाइक पर सवार होकर रीमिक्स वाटर फॉल पहुंचे थे। सभी किशोर फॉल में नहा रहे थे। इसी दौरान दो किशोर गहरे पानी में चले गए और डूब गए। फॉल में नहा रहे अन्य दोस्तों ने स्थानीय लोगों को आवाज दी। इसके बाद आसपास के लोग जुटे और दोनों को ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चल सका।

इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना मारंगहादा पुलिस को दी। सूचना के लगभग पौने घंटे बाद पुलिस पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों एवं गोताखोरों की मदद से फॉल में डूबे दोनों किशोर के शवों को बाहर निकाला गया। वहीं सूचना पर मृतकों के परिजन घटनास्थल पहुंचे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मैट्रिक की परीक्षा पास होने की खुशी में सभी दोस्त रीमिक्स फॉल मस्ती करने पहुंचे थे। इस क्रम में झरने में नहाने के दौरान दो किशोर की मौत हो गई। इधर, पुलिस ने शवों को फॉल से निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *