बिहार में वज्रपात से 50 से ज्यादा मौत, झारखंड में भी 5 लोगों की गई जान

पटनाः बिहार और झारखंड में गुरुवार को मौसम ने कहर बरपाया। आंधी-बारिश और ठनका गिरने से 50 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। बिहार में कई जगह पेड़ और दीवारें भी गिर गईं। इससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। झारखंड में भी ओले गिरे और ठनका गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने आज भी दोनों राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

सबसे ज्यादा मौतें वज्रपात से हुई

बिहार में सबसे ज्यादा मौतें वज्रपात से हुई हैं। नालंदा में एक मंदिर पर पेड़ गिरने से छह लोगों की जान चली गई। भोजपुर, सिवान और गया में चार-चार लोगों की मौत हुई है। गोपालगंज में तीन, मुजफ्फरपुर और सारण में दो-दो लोगों की मौत हुई है। अरवल, जहानाबाद, पटना, बेगूसराय, दरभंगा, सहरसा, जमुई, कटिहार, मुंगेर, मधेपुरा, अररिया और भागलपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

झारखंड में वज्रपात से 5 लोगों की मौत

झारखंड में भी मौसम खराब रहा। यहां सात जिलों में ओले गिरे। ठनका गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।

बिहार के 13 जिलों में बारिश-वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने बिहार और झारखंड में आज भी अलर्ट जारी किया है। बिहार के 13 जिलों में अगले 24 घंटे में बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। झारखंड के रांची, खूंटी, सरायकेला, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। ओलावृष्टि भी हो सकती है।

बारिश-वज्रपात को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे बारिश और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों। धातु की वस्तुओं से दूर रहें। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग न करें। सुरक्षित रहने के लिए सभी जरूरी उपाय करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *