साहेबगंज, झारखंड
सिदो कानू के वंशज मंडल मुर्मू ने आज सोमवार को साहेबगंज कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। सोमवार को सुबह भोगनाडीह में शहीद स्थल पर मत्था टेककर सरेंडर करने मंडल मुर्मू अपने समर्थकों के साथ कोर्ट के लिए रवाना हो गये। साहेबगंज पहुंचकर कोर्ट में उन्होंने अपने वकील के जरिये सरेंडर किया आर कोर्ट ने उन्हें तत्काल जमानत भी दे दी। सरेंडर से पूर्व मंडल मुर्मू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दर्ज मामले में पुलिस निर्दोष ग्रामीण को जेल भेज रही है। इसलिए उन्होंने भी कोर्ट में आत्मसमर्पण करने का मन बनाया है।
क्या है मामला
30 जून को बरहेट के भोगनाडीह में हूल दिवस मनाये जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण और पुलिस के बीच झड़प हो गयी। लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल से एक दर्जन ग्रामीण घायल हुए और चार पुलिसकर्मियों को भी तीर से निशाना बनाया गया था। घटना को लेकर प्रशासन ने एफआईआर दर्ज की और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की। जिला पुलिस अबतक इस मामले में आधे दर्जन लोगों को जेल भेज चुकी हैं। घटना में राजनीतिक रंग भी चढ़ा और सत्ताधारी दल ने इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए उनकी साजिश का हिस्सा बताया था।