सिमडेगा में चर्च पादरियों पर जानलेवा हमला और डकैती, धार्मिक नारे लगाने के लिए दिये गये दबाव

सिमडेगा, झारखंड

जिले के बोलबा थाना क्षेत्र के समसेरा स्थित चर्च में बीती रात करीब 1:30 बजे पांच नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने पल्ली पुरोहित फादर इंग्नेश टोप्पो, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अगुस्टिन डुंगडुंग और सहायक पल्ली पुरोहित रोशन सोरेंग पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया। रोशन सोरेंग ने बताया कि अपराधी ताला तोड़े बिना चाबी से दरवाजा खोलकर अंदर घुसे। सबसे पहले फादर इंग्नेश के कमरे में पहुंचे। वहां से उन्हें पीटते हुए बाकी कमरों में ले गए। सभी धर्मगुरुओं को पीटा गया। एक अपराधी ने देसी कट्टा कनपटी पर रखा। सभी से ‘अल्लाह हू अकबर’ बोलने को कहा।

अपराधियों का ओड़िसा कनेक्शन

डकैतों ने करीब एक घंटे तक लूटपाट की। चर्च, स्कूल और एक छोटी बैंकनुमा संस्था से 8 से 10 लाख रुपए लूट लिए। सभी अपराधी ओड़िया भाषा में बात कर रहे थे। रोशन ने बताया कि घटना वाले दिन ही वह बानो से समसेरा पल्ली में ट्रांसफर होकर आए थे। फादर इंग्नेश ने बताया कि यह तीसरी बार ऐसी घटना हुई है। उन्हें दाहिने अंग में बुरी तरह पीटा गया। सभी घायलों का इलाज बोलबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर देवतोष भूटिया की देखरेख में चल रहा है। डॉक्टर ने बताया कि सभी की हालत खतरे से बाहर है। घटना के बाद बोलबा थाना प्रभारी संतोष कुमार ने पूरे प्रखंड में छापेमारी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि 4 से 5 लाख रुपए की डकैती की पुष्टि हुई है। कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। बोलबा कांड संख्या 09/025 के तहत अज्ञात अपराधियों पर मामला दर्ज किया गया है। घटनास्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जवान तैनात किए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन, NH-143 जाम

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, प्रतिनिधि समी आलम, रावेल लकड़ा समेत कई कार्यकर्ता बोलबा पहुंचे। उन्होंने सीएचसी में घायलों से मुलाकात की। बेहतर इलाज के निर्देश दिए। समसेरा पल्ली जाकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने कहा कि यह तीसरी बार ऐसी घटना हुई है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बात कर एसआईटी जांच की मांग की। कहा कि धर्मगुरुओं और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाना गलत है। घटना के विरोध में एनएच 143 पर ठेठईटांगर-बोलबा मोड़ के पास लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। अपराधियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग की। प्रशासन ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया

बोलबा थाना क्षेत्र के समसेरा पल्ली में हुई डकैती और धर्मगुरुओं के साथ हुई मारपीट की घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया। डीएसपी ने घटना स्थल का मुआयना किया और लोगों से घटना की जानकारी ली। घटनास्थल से लौटने के बाद डीएसपी रणवीर सिंह ने कहा कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब पांच लाख रुपए अपराधियों को हाथ लगे हैं। पुलिस हर बिंदुओं पर जांच कर रही है। डीएसपी ने कहा कि सिर्फ अपराधी पैसों के लिए आए थे और दहशत फैलाने के उद्देश्य से पुरोहितों के साथ मारपीट की गई है। डीएसपी ने कहा कि किसी के पास पुष्ट जानकारी होगी कि उनके यहां इतना पैसा रखा हुआ है। उन्होंने अपराधियों द्वारा ‘अल्लाह हू अकबर’ बोलवाने के मामले में कहा कि यह सिर्फ अपराधियों द्वारा डायवर्ट करने की कोशिश की गई है। डीएसपी ने कहा कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी। ज्ञात हो कि यहां तीसरी बार लूट की घटना को अंजाम दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *